राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम (एससीईआरटी) में मंगलवार को राज्य स्तरीय रोल प्ले प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता में हरियाणा के 22 जिलों से टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में प्रतिभागी टीमों ने नशीले पदार्थों, स्वास्थ्य, सामाजिक समस्याओं, पर्यावरण संरक्षण सहित अन्य विषयों पर अपनी प्रस्तुति दी। राेल प्ले प्रतियोगिता में अंबाला की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। रोल प्ले प्रतियोगिता में प्रतिभागी टीमों ने हरियाणा की संस्कृति जुडे़ नाटक प्रस्तुत करके अच्छे संदेश दिए। कई टीमों मंच पर शानदार नाटक प्रस्तुत करके उपस्थित विद्यार्थियों व शिक्षकों की तालियां बटोरी। रोल प्ले प्रतियोगिता में हरियाणा के विभिन्न स्कूलों और संस्थानों के विद्यार्थी अपने अभिनय कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में पांच विषयों पर विद्यार्थियों को अपनी प्रस्तुति देनी है। इसमें अवसरों की समानता लड़कों व लड़कियों के लिए, बच्चों के विकास में संयुक्त परिवार का योगदान, पर्यावरण संरक्षण, मादक द्रव्याें के सेवन से रोकथाम और किशोरावस्था की समस्याएं विषय शामिल रहे। एससीईआरटी के संयुक्त निदेशक सुनील बजाज ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच प्रदान किया है। टीमों ने शानदार प्रस्तुति दी हैं। बीते सोमवार को राज्य स्तरीय फोक डांस प्रतियोगिता में जींद की टीम विजेता रही। वहीं, मंगलवार को रोल प्ले प्रतियोगिता में अंबाला की टीम प्रथम स्थान पर रही। उन्होंने बताया कि राज्य स्तर पर प्रथम आने वाली टीमें अब पांच से आठ जनवरी 2025 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।