आगामी कांवड़ यात्रा और संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने की तैयारियों के तहत 41वीं वाहिनी पीएसी ने बुधवार को गंगनहर में फ्लड कंपनी (बी-दल) का मॉक ड्रिल आयोजित किया। इस दौरान जवानों ने डूब रहे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने और प्राथमिक उपचार देने का प्रदर्शन किया।
मॉक ड्रिल का निरीक्षण 41वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक डॉ. दिनेश यादव (आईपीएस) ने किया। अभ्यास के दौरान जवानों ने गंगनहर में डूब रहे व्यक्ति को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। इसके बाद प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) देकर जीवनरक्षक उपायों की जानकारी भी दी गई।
सेनानायक डॉ. दिनेश यादव ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान गंगनहर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसी उद्देश्य से जवानों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ की स्थिति में भी पीएसी की फ्लड कंपनी पूरी तरह तैयार है।
मॉक ड्रिल के बाद सेनानायक ने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और राहत व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस मौके पर सहायक सेनानायक जगवीर सिंह चौहान, 41वीं वाहिनी पीएसी के अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।