नगर पालिका परिषद के वार्ड-23 स्थित नया नूरगंज ईदगाह मार्ग पर नाली और खड़ंजा निर्माण कार्य में देरी को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि करीब दो माह से निर्माण कार्य रुक-रुक कर चल रहा है, जबकि अब तक आधी नाली का निर्माण भी पूरा नहीं हो सका है। लोगों ने कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए ठेकेदार टेंडर निरस्त करने की मांग की है। उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक कांग्रेस के सचिव महताब पठान का कहना है कि करीब 15 दिनों से नाली निर्माण पूरी तरह बंद पड़ा है। ठेकेदार द्वारा सड़क पर पीली मिट्टी डाल दी गई है, जिससे मार्ग पर फिसलन हो गई है। इससे बच्चे और बुजुर्ग आए दिन फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि मिट्टी पर रोड़ी बिछा दी जाती तो आवागमन में इतनी परेशानी नहीं होती। अधूरे निर्माण कार्य के कारण नालियों में गंदगी जमा हो रही है और जलभराव जैसी स्थिति बनी हुई है। इससे संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गति बेहद धीमी है और ठेकेदार कार्य समय पर पूरा करने में असफल रहा है। उन्होंने मांग की कि मौजूदा ठेकेदार का टेंडर निरस्त कर किसी सक्षम ठेकेदार से निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाए।