गाजियाबाद के एमएमजी अस्पताल में शनिवार दोपहर फिजिशियन डॉ. संतराम की ओपीडी के बाहर लाइन के पास दो छोटी बच्चियां एक दूसरे को मारते हुए खेल रही थीं तो दूसरी तरफ पहले दिखाने के चक्कर में एक महिला और बुजुर्ग के बीच में कहासुनी हो रही थी। लाइन में लगे और पास में कुर्सियों पर बैठे अन्य मरीज दोनों दृश्य एक साथ देख रहे थे। इस समय गर्मी और उमस बढ़ने से अस्पताल में वायरल बुखार और सर्दी जुकाम के मरीजों की 30% संख्या बढ़ गई है। रोजाना सबसे अधिक फिजिशियन की ओपीडी में ही लंबी लाइन लग रही है। डॉक्टर को जल्दी दिखाने के चक्कर में कई बार मरीजों में कहासुनी शुरू हो जाती है। शनिवार को अस्पताल में 1825 नए मरीज और लगभग 1200 पुराने मरीजों का इलाज हुआ।