लूटपाट और चोरी की वारदाताओं में वांछित गैंगस्टर दीपक कुमार निवासी मोरटा को मधुबन बापूधाम पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया। चोरी और लूट का सामान बरामद कराने के लिए पुलिस उसे जीडीए गोल चक्कर पर ले गई। एसीपी कविनगर स्वतंत्र कुमार ने बताया कि मधुबन बापूधाम पुलिस जैसे ही जीडीए गोल चक्कर पर पहुंची तो बदमाश झाडियों में कूद गया और वहां रखे तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। गैंगस्टर की गोली पुलिस गाड़ी के शीशे में लगी। गाड़ी में बैठा चालक सिपाही विनोद कुमार शर्मा बदमाश की गोली से बाल-बाल बचे। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर दीपक पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में सात मुकदमे दर्ज हैं।