गाजियाबाद के मुरादनगर में नगर पालिका परिषद में ईवीएम की सुरक्षा में तैनात सिपाही पम्मी ने सरकारी रायफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सिपाही एक युवती की ब्लैकमेलिंग से परेशान चल रहा था। पुलिस कमिश्रर अजय मिश्र ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। नगर पालिका परिषद परिसर स्थित गोदाम में ईवीएम मशीन रखी हुई है। जिनकी सुरक्षा में दिन और रात दो दो सिपाही की डयूटी लगाई जाती है। मंगलवार रात वर्ष 2018 बैच के सिपाही पम्मी पुत्र प्रवीण कुमार निवासी औरंगाबाद जनपद बुलंदशहर व सिपाही ध्यान सिंह मौतला की डयूटी लगी थी। रात्रि करीब आठ बजे सिपाही पम्मी ने सरकारी रायफल से खुद को गोली मार दी। दूसरे सिपाही ध्यान सिंह मौतला ने लहूलुहान पम्मी को स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।