चैत्र नवरात्रि के नजदीक आते ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। श्रद्धालु माता रानी के श्रृंगार और पूजा सामग्री की खरीदारी में जुट गए हैं। इस बार खास तौर पर गुजरात के पारंपरिक लहंगा और चुनरी की मांग अधिक देखने को मिल रही है, जिससे दुकानों पर रंग-बिरंगे और आकर्षक डिजाइन के सामान सज गए हैं। बाजारों में माता के श्रृंगार से जुड़े विभिन्न प्रकार के लहंगे 1 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक में उपलब्ध हैं, जबकि चुनरियां 20 रुपये से लेकर 700 रुपये तक बिक रही हैं। श्रद्धालु अपनी आस्था के अनुसार छोटे से लेकर भव्य श्रृंगार का सामान खरीद रहे हैं। इसके साथ ही पूजा सामग्री, सजावट के आइटम और अन्य धार्मिक वस्तुओं की बिक्री में भी तेजी आई है। दुकानदारों का कहना है कि नवरात्रि शुरू होने के साथ ही खरीदारी और बढ़ेगी तथा बाजारों में और अधिक भीड़ देखने को मिलेगी।