मसूरी क्षेत्र के रजापुर ब्लॉक स्थित गौड़पुरम प्राथमिक विद्यालय की चारदीवारी बारिश के कारण गड्ढे में जलभराव होने से गिर गई है। चारदीवारी गिरने के बाद विद्यालय परिसर में बंदरों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहने लगा है, जिससे विद्यालय के लगभग दो सौ बच्चों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेन्द्र पाल ने इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी, रजापुर को पत्र लिखकर तत्काल नई चारदीवारी बनवाने की मांग की है। प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय की बाउंड्रीवाल गंगनहर पटरी के पास बनी हुई थी, जो जलभराव के चलते ढह गई। अब विद्यालय परिसर चारों ओर से खुला है, जिससे बंदरों और जंगली जानवरों का खतरा लगातार बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया है कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय की चारदीवारी का पुनर्निर्माण शीघ्र कराया जाए, ताकि विद्यार्थी सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त कर सकें।