फरीदाबाद सेक्टर-15ए स्थित ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर में रविवार को वर्चस्व की जंग के चलते जमकर बवाल हुआ। मंदिर प्रबंधन और प्रधान पद पर कब्जे को लेकर दो गुटों के बीच चल रहा पुराना विवाद हिंसक रूप ले चुका है। कोर्ट द्वारा एक नए ट्रस्ट को निरस्त करने के आदेश के बाद जब नया पक्ष मंदिर पर अपना बोर्ड लगाने पहुंचा, तो दोनों गुटों में मारपीट हो गई। इस हंगामे में एनआईटी निवासी विवेकानंद को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित ने विक्की और अन्य 8-10 लोगों पर हमला करने और गले से 40 ग्राम की सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया है। सेक्टर-15ए चौकी पुलिस मामले की जांच कर रही है। मंदिर में चुनाव न होने के कारण दोनों पक्षों में लंबे समय से खींचतान जारी है।