फरीदाबाद में औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के नाम एक और खेल उपलब्धि जुड़ गई है। शहर के प्रसिद्ध योग शिक्षक श्याम कुमार ने योगासन खेल के क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल करते हुए राष्ट्रीय निर्णायक (जज) बनने का गौरव प्राप्त किया है। श्याम कुमार ने 8 से 13 फरवरी तक धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के गीता ज्ञान संस्थान में आयोजित छठे राष्ट्रीय योगासन निर्णायक प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए यह कामयाबी हासिल की। बता दें कि योगासन भारत की ओर से आयोजित इस शिविर में देशभर से चुनिंदा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जहां विश्व योगासन के नियमों, तकनीकी मूल्यांकन और प्रतियोगिता संचालन की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर योग गुरु स्वामी रामदेव भी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों सहित श्याम कुमार को बधाई दी।