फरीदाबाद में सौम्या भारद्वाज ने आगामी अस्मिता खेलो इंडिया नेशनल किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए अपनी तैयारी तेज कर दी है। अपनी फुर्ती और सटीक प्रहारों के लिए जानी जाने वाली सौम्या 26 से 29 मार्च तक चेन्नई में आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगी। महज छोटी सी उम्र में सौम्या ने किक बॉक्सिंग की बारीकियों को बखूबी सीखा है। सौम्या ने बताया कि अस्मिता खेलो इंडिया जैसे बड़े मंच पर खेलने के लिए वह रोजाना कई घंटों तक पसीना बहा रही हैं। उनके कोच और परिजनों को पूरा भरोसा है कि वह अपनी तकनीक और कड़ी मेहनत के बल पर पदक जीतकर शहर का नाम रोशन करेंगी। सौम्या का लक्ष्य न केवल इस प्रतियोगिता में स्वर्ण जीतना है, बल्कि भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिरंगा लहराना भी है। फरीदाबाद के खेल प्रेमियों ने नन्ही खिलाड़ी को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। अब सबकी निगाहें 26 मार्च से शुरू होने वाली रिंग की जंग पर टिकी हैं।