फरीदाबाद के तिगांव थाना क्षेत्र के जुनहेड़ा मोड़ के पास सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फरीदाबाद से जुनहेड़ा गांव की तरफ जा रही एक वरना कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दीवार से जा टकराई। हादसे में कार सवार 21 वर्षीय शुभम की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। मृतक की पहचान फतेहपुर बिल्लौच निवासी शुभम के रूप में हुई है। शुभम बीए फाइनल ईयर का छात्र था और चार भाइयों में सबसे छोटा था। हादसे में घायल लोगों में सेक्टर-82 निवासी 18 वर्षीय निखिल, फतेहपुर बिल्लौच निवासी 19 वर्षीय युवक तथा दिल्ली निवासी तिशिका नाम की युवती शामिल बताई जा रही है।