फरीदाबाद सेक्टर 86 स्थित प्ले ऑल स्पोर्ट्स अकादमी में आगामी 22 फरवरी को फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। इस एक दिवसीय टूर्नामेंट में जिले की 10 फुटबॉल टीमों के खिलाड़ी भाग लेते हुए नजर आएंगी। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए सभी 10 टीमों ने अपना रजिस्ट्रेशन अभी से ही करा लिया है। अब सभी खिलाड़ियों को जल्द से जल्द 22 फरवरी का इंतजार है। इनमें सभी टीमों के खिलाड़ियों की निगाहें ट्रॉफी के साथ 24 हजार रुपये की इनामी राशि पर होंगी। बता दें कि प्रतियोगिता के लिए कुल 24 हजार रुपये की ईनामी राशि रखी गई है। इनमें विजेता टीम को सबसे अधिक 16 हजार रुपये जबकि उपविजेता टीम को आठ हजार रुपये दिए जाएंगे। राहुल त्यागी ने बताया कि सभी 10 टीमों को पांच-पांच टीमों के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। इनमें जो टीम जिस ग्रुप में है, वह अपने-अपने ग्रुप की सभी टीमों से एक-एक मुकाबला खेलेंगी। सभी चार मुकाबले पूरे होने के बाद जो भी टीम अपने-अपने ग्रुप में शीर्ष दो में रहेगी, उसे सेमी फाइनल में खेलने का मौका मिलेगा।