रिपुर-कोटी-अटाल-मीनस राजमार्ग उत्तराखंड को हिमाचल प्रदेश की सीमा से जोड़ता है। व्यापारिक दृष्टि से यह राजमार्ग बहुत महत्वपूर्ण है। राजमार्ग लंबे समय से खस्ता हाल है। मार्ग पर जगह-जगह डेंजर जोन बने हुए हैं। हर साल मार्ग पर 8 से 10 सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। दुर्घटनाओं में कई लोग अपनी जान भी गवां देते हैं। इसी साल फरवरी माह में हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस क्वानू के पास बैक होते हुए गहरी खाई में गिर गई थी। दुर्घटना में बस चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई थी, वाहन में सवार 28 लोग घायल हुए थे। परिवहन विभाग ने मार्ग का सर्वे किया था, 16 डेंजर जोन चिन्हित किए गए थे । लेकिन मार्ग पर दुर्घटना के खतरे को दूर करने के लिए मरम्मत और सुरक्षा कार्य के नाम पर लीपापोती की जा रही है । मार्ग पर अब भी कई जगह डेंजर जोन दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं।