छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला मुख्यालय में स्थित सब्जी मंडी में सब्जी चोरी की बात को लेकर एक आरक्षक का सब्जी विके्रताओं के साथ विवाद हो गया। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होनें के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने आरक्षक का काॅलर पकड़ने वाले के खिलाफ अपराध दर्ज करते हुए मामले को जांच में ले लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को शहर के संजय कॉम्प्लेक्स सब्जी मंडी में सब्जी चोरी की बात को लेकर सब्जी व्यापारियों का एक पुलिस आरक्षक से विवाद हो गया और देखते ही नौबत गाली-गलौज और झूमा-झटकी में बदल गई। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच बचाव करके मामला सुलझाया, अन्यथा मामला और बिगड़ सकता था। सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में उक्त पुलिस आरक्षक को शराब के नशे में सब्जी चोरी करने की बात कही जा रही है। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होनें के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि वर्दीधारी आरक्षक लव कुमार साय पर कार्य के दौरान संजय काम्लेक्स सब्जी मार्केट में बबलू पटेल नामक एक शख्स ने काॅलर पकड़कर हमला व अपराधिक बल का प्रयोग कर रहा है। जिस पर सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रथम दृष्टिया धारा 132 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर पूरे मामले को विवेचना में ले लिया है।