फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: कानपुर स्कूटी विस्फोट की घटना पर पुलिस ने दी अहम जानकारी!

कानपुर के मेस्टन रोड स्थित बिसातखाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए स्कूटी विस्फोट मामले ने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया। घटना के बाद जब पुलिस ने जांच शुरू की, तो गैरकानूनी पटाखों के बड़े भंडारण का खुलासा हुआ। पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि घटनास्थल के पास से लगभग 1 क्विंटल पटाखे बरामद किए गए हैं, जबकि 20-25 मीटर की दूरी पर स्थित एक गोदाम से 2.5 से 3 क्विंटल तक विस्फोटक सामग्री मिली है, जिसका उपयोग पटाखों में किया जाता है।

पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि इस घटना में किसी आतंकी साजिश या आतंकवादी पहलू का कोई प्रमाण नहीं मिला है। यह मामला पूरी तरह गैरकानूनी पटाखा भंडारण और बिक्री से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि संबंधित व्यक्तियों के पास कोई वैध लाइसेंस नहीं था। इस संबंध में अब तक 12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी (SHO) सहित पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, ACP को भी तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है।

घटना के बाद पुलिस कमिश्नर स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और वहां की स्थिति का जायजा लिया। मौके पर फैले पटाखों के अंश और विस्फोटक सामग्री देखकर उन्होंने स्थानीय थाना पुलिस और खुफिया इकाई (LIU) पर नाराजगी जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि बिना अनुमति के इस क्षेत्र में पटाखों की बिक्री और भंडारण कैसे हो रहा था, जबकि पुलिस को इसकी कोई जानकारी नहीं थी।

इसके बाद पूरे इलाके में सर्च एंड सीजर ऑपरेशन चलाया गया, जो पूरी रात चला। इस दौरान तीन दुकानों से पटाखे, सुतली बम, बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। एक दुकान में तो कपड़ों के ढेर के नीचे पटाखे छुपाकर रखे गए थे। जब व्यापारी जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे, तो पुलिस कमिश्नर ने स्वयं बिसातखाना की गली में कुर्सी डालकर बैठ गए और आदेश दिया कि दुकानों के शटर कटवाकर जांच की जाए।

पुलिस ने पांच दुकानों के शटर और ताले कटवाए, जिनमें से तीन में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिली। सभी दुकान संचालकों और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की तह तक जाने के लिए विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें