विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज महासमुंद में वन विभाग द्वारा साइकिल रैली का आयोजन और एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की गई। पर्यावरण के प्रति जागरूक करने यह सायकल रैली वन विद्यालय से स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी स्कूल तक निकाली गई। कलेक्टर विनय लंगेह ने इस सायकल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में कलेक्टर विनय कुमार, डीएफओ मयंक पांडेय, एसडीओ वन वेंकटेश, जिला रेड क्रॉस के अध्यक्ष संदीप दीवान और अधिकारी-कमर्चारियों के साथ-साथ अन्य शहर के गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। इस रैली का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाना था। पूरे रास्ते पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर विनय लंगेह ने कहा कि, पर्यावरण का क्षरण रोकने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यक हैं। साइकिल चलाना एक संदेश है कि, हम प्रकृति से जुड़ना चाहते हैं और उसे बचाना हमारी जिम्मेदारी है। डीएफओ मयंक पांडेय ने कहा कि, पर्यावरण की रक्षा करना हम सबकी साझी जिम्मेदारी है। पौधारोपण, प्लास्टिक का परहेज और साइकिल जैसे स्वच्छ यातायात के साधनों को अपनाकर हम सभी एक बड़ा बदलाव ला सकते हैं। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज एक पेड़ मां के नाम अभियान की भी शुरुआत जिले में वन विभाग के द्वारा की गई है। डीएफओ ने बताया कि, इस वर्ष जिले में डेढ़ लाख से भी अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसकी शुरुआत आज से की जा रही है।