कोरबा जिले में सदर सुन्नी मुस्लिम जमात के अध्यक्ष हाजी इखलाक खान असरफी के गोदाम में बीती रात लाखों रुपये की चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने जेसीबी मशीन का इस्तेमाल कर गोदाम की बाउंड्रीवॉल को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और ठेकेदारी से संबंधित कीमती सामान, विशेष रूप से एचडीडी मशीनें, ले उड़े। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के दर्री रोड स्थित हाजी इखलाक खान असरफी के गोदाम में यह वारदात शनिवार की रात लगभग 2 बजे हुई। सीसीटीवी फुटेज में यह स्पष्ट रूप से कैद हुआ है कि कैसे चोरों ने पहले जेसीबी मशीन मंगवाई और उसकी मदद से गोदाम की दीवार तोड़ी। दीवार तोड़ने और गाड़ी की आवाज से रात में कुत्ते भी भौंके, लेकिन आसपास के लोगों ने समझा कि गोदाम में कोई काम चल रहा है। चोरों द्वारा ठेकेदारी से संबंधित एचडीडी मशीनों सहित अन्य कीमती सामान चोरी किया गया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, चोरी किए गए सामान की कीमत लगभग 6 लाख रुपये बताई जा रही है। इस घटना से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों को गोदाम और उसमें रखे सामान की पूरी जानकारी थी, क्योंकि वे विशेष तौर पर मशीनों को निशाना बनाकर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर लिया है। कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कार्रवाई शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हाजी इखलाक खान के गोदाम में इस तरह की चोरी की घटना जिले में पहली बार सामने आई है। जो एक ठेकेदार हैं और जिनका कोरबा के अलावा अन्य जिलों में भी काम चलता है। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि क्या इस चोरी के पीछे कोई जमीन विवाद या अन्य व्यक्तिगत रंजिश भी हो सकती है। पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है ताकि घटना का पर्दाफाश हो सके।