कोरबा और छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों के कलाकारों ने ऐसा समां बांधा की साहित्य भवन में उपस्थित श्रोता वाह वाह कह उठे। कोरबा महापौर और निगम सभापति ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। पंडित मुकुटधर पांडे साहित्य भवन कोरबा में बीती रात ऐसा आयोजन किया गया जिसमें शामिल कलाकार और श्रोता दोनों ही गीतों की गंगा में देर रात तक गोते लगाते रहे। पंडित मुकुटधर पांडे साहित्य समिति से संबद्ध संगीत प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित सुर मधुर कार्यक्रम मैं बतौर मुख्य अतिथि कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत और विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ साहित्यकार और साहित्य समिति के संरक्षक मोहम्मद यूनुस ने साहित्य समिति की उपलब्धियो से अतिथियों को अवगत कराते हुए संगीत प्रकोष्ठ के लिए वाद्य यंत्रों और अन्य आवश्यक यंत्रों को क्रय करने हेतु आर्थिक सहायता की मांग महापौर से की। श्रीमती संजू देवी राजपूत ने उसे सहर्ष स्वीकार कर लिया इससे पूर्व पंडित मुकुटधर पांडे साहित्य समिति और संगीत प्रकोष्ठ के संरक्षक कमलेश यादव ने अतिथियों व कलाकारों का स्वागत करते हुए बताया कि हम सब मिलकर पारिवारिक वातावरण में साहित्य सृजन के अलावा अन्य विधाओं में पारंगत लोगों को स्थान और समय प्रदान करते हैं नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने समिति द्वारा किए जा रहे प्रयास की सराहना की और कहा की प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर समिति के लोग कोरबा और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर रहे हैं। पंडित मुकुटधर पांडे संगीत प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक नगमा प्रस्तुत किया। वैसे तो सभी कलाकारों ने अपने मधुर कंठ से सब का मन मोहा लेकिन एनटीपीसी की उपाध्याय बहनों ने ऐसा समां बांधा की साहित्य भवन में उपस्थित हर श्रोता वाह वाह कह उठा। महापौर संजू देवी राजपूत ने उपाध्याय बहनों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया वही गाना गाकर समां बांधा और सभी का मनोबल बढ़ा है। कोरबा और छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों से आए कलाकारों द्वारा दी गई प्रस्तुति ने सुर मधुर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए