फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजा की शोभायात्रा में शराबी युवक की दबंगई: आरक्षक से मारपीट कर फाड़ी वर्दी, आरोपी को गिरफ्तार कर निकाला जुलूस

Thu, 10 Sep 2026 12:44 PM IST
कोरबा ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा

कोरबा जिले के कटघोरा में गणेश उत्सव के दौरान कानून व्यवस्था संभाल रहे पुलिस आरक्षक के साथ मारपीट और वर्दी फाड़ने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कटघोरा का राजा की शोभायात्रा में हुड़दंग मचा रहे शराबी युवक ने पुलिस से ही हुज्जतबाजी शुरू कर दी। घटना बिलासपुर चौक के पास की है, जिसके बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी का पैदल जुलूस निकालकर जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात थाना दर्री में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 143 रवि गुप्ता की ड्यूटी थाना कटघोरा में गणेश शोभायात्रा की सुरक्षा व्यवस्था में लगाई गई थी। 8 सितंबर की रात करीब 10 से 10.30 बजे के बीच शोभायात्रा बिलासपुर चौक, वार्ड क्रमांक 03 अम्बेडकर नगर के पास से गुजर रही थी।

इसी दौरान वार्ड 03 निवासी सूर्यप्रकाश उर्फ पद्दूम पिता रवि पाटिल और उसका साथी बृज पाटिल नशे में सड़क के बीचों-बीच हुड़दंग और मस्ती कर रहे थे। शोभायात्रा से लौट रही कारों और बड़ी गाड़ियों से हादसे की आशंका को देखते हुए आरक्षक ने दोनों को सड़क किनारे हटने के लिए कहा।

इसी बात से नाराज होकर दोनों युवकों ने आरक्षक को मां-बहन की अश्लील गालियां देनी शुरू कर दी। मना करने पर बाप का रोड है क्या कहते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। आरोपियों ने आरक्षक की वर्दी फाड़ दी, वर्दी का बटन तोड़ दिया और टोपी व नेम प्लेट नोंच कर फेंक दी। मारपीट में आरक्षक के गले और छाती में चोटें आई हैं। घटना के बाद आरक्षक ने थाना प्रभारी कटघोरा को लिखित आवेदन सौंपा था।

वहीं मामले में कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि कल कटघोरा का राजा समिति द्वारा भगवान गणेश की शोभायात्रा निकाली जा रही थी। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात था। इसी दौरान एक उपद्रवी व्यक्ति द्वारा हुड़दंग फैलाया जा रहा था, जिसे मना करने पर उसने पुलिस के कर्तव्य में बाधा पहुंचाते हुए हुज्जतबाजी की।

जिस पर कठोर कार्रवाई करते हुए आरोपी सूर्यप्रकाश उर्फ पद्दूम पाटिल के विरुद्ध धारा 296, 351(3), 121, 221 और 132 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसका पैदल जुलूस निकाला गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

थाना प्रभारी ने दो टूक कहा कि गणेश उत्सव में हुड़दंग और आपराधिक गतिविधियां किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। पुलिस की ऐसे तत्वों पर सख्त नजर है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें