फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Korba: आश्रम शाला के शिक्षक का कथित नशे में वीडियो वायरल, ग्रामीणों में आक्रोश; जांच और कार्रवाई की उठी मांग

Wed, 05 Aug 2026 01:35 PM IST
कोरबा ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा

कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड स्थित एक आश्रम शाला के शिक्षक का कथित रूप से शराब के नशे में घूमते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सरभोका स्थित आश्रम शाला के एक शिक्षक का कथित रूप से नशे की हालत में गांव में घूमते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है और विद्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

ग्रामीणों का दावा है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे शिक्षक राजेश कुमार बंजारे हैं, जो आश्रम शाला में पदस्थ हैं। वीडियो में शिक्षक एक बाइक के पास खड़े दिखाई देते हैं और उनकी गतिविधियों को लेकर ग्रामीण नशे की हालत का आरोप लगा रहे हैं। बातचीत के दौरान उनके लड़खड़ाने और अस्पष्ट तरीके से बोलने का दावा भी किया जा रहा है। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक के इस तरह के व्यवहार का सीधा असर स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। उनका कहना है कि विद्यालय में अनुशासन और शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पहले भी शिकायत किए जाने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे थे, लेकिन कार्रवाई के बजाय मामला केवल समझाइश तक सीमित रह गया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों के भविष्य से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। वहीं विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने दौरे पर होने की जानकारी दी, जिसके कारण उनका पक्ष भी सामने नहीं आ सका। फिलहाल वायरल वीडियो ग्रामीणों द्वारा बनाया गया बताया जा रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की स्थिति और उन पर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि प्रशासनिक जांच के बाद ही हो सकेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें