करीब दो माह से चर्चाओं में रहे सत्यमदास मानिकपुरी हत्याकांड का आखिरकार कबीरधाम पुलिस ने आज खुलासा कर दिया है। इसे लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 17 जनवरी 2026 को लालपुर नर्सरी के पीछे सड़क पर मिले युवक के शव के मामले में एक नाबालिग बालक को अभिरक्षा में लिया है। जांच में सामने आया है कि मृतक द्वारा लगातार ब्लैकमेल किए जाने से तंग आकर नाबालिग ने उसकी हत्या कर दी थी। इस हाई-प्रोफाइल मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए लगभग 56 दिनों तक लगातार गहन जांच की गई। जांच के दौरान करीब 50 हजार मोबाइल नंबरों के कॉल डाटा का तकनीकी विश्लेषण किया गया और 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसके अलावा मृतक के परिचितों और आसपास के लोगों समेत 100 से ज्यादा व्यक्तियों से पूछताछ की गई। मृतक की पहचान सत्यमदास मानिकपुरी (27) निवासी घोठिया रोड कवर्धा के रूप में हुई थी, जो पेशे से डांस शिक्षक था व पांडातराई क्षेत्र के एक निजी स्कूल में बच्चों को डांस सिखाता था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक व नाबालिग के बीच करीब तीन माह पहले से जान-पहचान थी। दोनों के बीच अप्राकृतिक संबंध बने हुए थे। बाद में इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। मृतक नाबालिग को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था और संबंध बनाने का दबाव बना रहा था।