फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कबीरधाम में पांच करोड़ का गांजा पकड़ा: कंटेनर में बना था गुप्त चैंबर, फिर गांजे की बोरियों से निकला 900 KG नशा

अमर उजाला नेटवर्क, कबीरधाम Updated Tue, 24 Feb 2026 12:28 PM IST

कबीरधाम पुलिस ने आज मंगलवार सुबह करीब पांच करोड़ रुपये कीमत का गांजा जब्त किया है। यह इस साल जिले में अब तक की सबसे बड़ी गांजा जब्ती मानी जा रही है। यह कार्रवाई एमपी-सीजी बॉर्डर स्थित चिल्फी पुलिस थाना ने की है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से राजस्थान की ओर एक नागालैंड पासिंग कंटेनर में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा था। सूचना मिलते ही चिल्फी पुलिस ने हाईवे पर घेराबंदी कर संदिग्ध कंटेनर को रोका। पहली नजर में कंटेनर खाली बॉक्स और सामान से भरा दिखा, लेकिन पुलिस को शक हुआ। बारीकी से जांच करने पर इसके नीचे एक खास तरीके से तैयार गुप्त चैंबर मिला। 

चैंबर खोलने पर अंदर गांजे की बोरियां नजर आईं। पुलिस ने कंटेनर से 30 बोरियां बरामद कीं, जिनमें प्रत्येक में करीब 30 किलो गांजा था। कुल वजन लगभग 900 किलो (9 क्विंटल) निकला। बाजार में इसकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। तस्करी में इस्तेमाल हो रहा कंटेनर भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 50 लाख रुपये है।

मौके से पुलिस ने आयाज खान को गिरफ्तार किया है, जो भरतपुर, राजस्थान का निवासी है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह गांजा ओडिशा से लोड कर राजस्थान ले जा रहा था। पुलिस अब इस अंतरराज्यीय नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। कंटेनर में पेशेवर तरीके से बने चैंबर से पुलिस को संगठित तस्करी नेटवर्क का अंदेशा है। जल्द ही इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

कबीरधाम पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। यह जब्ती जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा। इसका उद्देश्य जिले को नशा मुक्त बनाना और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें