जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय में भ्रष्टाचार का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर नितेश किशोर का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह एक किसान से PM किसान सम्मान निधि योजना में त्रुटी सुधार के नाम पर 4 हजार रुपये रिश्वत लेते दिख रहा है। जानकारी के मुताबिक, किसान से कुल 7 हजार रुपये की मांग की गई थी। वीडियो में आरोपी ऑपरेटर यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि चार किस्त में आठ हजार रुपये आएंगे, उसमें से सात हजार देना होगा, अधिकारियों को भी देना पड़ता है। किसान ने मौके पर 4 हजार रुपये दिए, जबकि बाकी राशि काम होने के बाद देने की बात कही गई। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। एसडीएम पवन कोसमा ने कहा कि मामला जांच के अधीन है। किसान और कंप्यूटर ऑपरेटर दोनों के बयान लिए जाएंगे। वीडियो के आधार पर जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।