जांजगीर चांपा के पामगढ़ पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक बरामद की है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
नंदेली निवासी भैयाराम यादव ने 9 मई को पामगढ़ थाने में मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी मोटरसाइकिल क्रमांक CG-11-AU-9399 घर के अंदर खड़ी थी। आठ मई की रात परिवार के सोने के बाद सुबह बाइक गायब मिली। जांच में पता चला कि चोर छत के रास्ते घर में घुसे थे। चोरों ने अंदर से दरवाजा खोलकर बाइक चुराई थी।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस ने पामगढ़ शराब भट्ठी के पास घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने 8 मई की रात शराब पीने के बाद मिलकर बाइक चोरी करना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों में व्यासनगर पामगढ़ निवासी अंशु पटेल उर्फ चिट्टी और पंकज कश्यप शामिल हैं। नंदेली निवासी कुलदीप भानू भी गिरफ्तार आरोपियों में से एक है। मामले में शामिल नाबालिग को किशोर न्यायालय में पेश किया गया है।