फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CG: शादी का रिश्ता कराने के नाम पर साइबर ठगी, लड़की की आवाज निकालकर करते थे बात; दो गिरफ्तार

Mon, 17 Aug 2026 06:01 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जांजगीर-चांपा

शादी का रिश्ता कराने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले दो शातिर साइबर आरोपियों को जांजगीर-चांपा साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी हेडफोन और ब्लूटूथ डिवाइस की मदद से लड़की की आवाज निकालकर लोगों से शादी और रिश्ते को लेकर बातचीत करते थे। इसके बाद रिश्ता तय कराने के नाम पर अलग-अलग रकम लेते और पैसे मिलने के बाद संपर्क तोड़ देते थे। पुलिस के मुताबिक, मामले का खुलासा तब हुआ जब अजय राठौर ने 15 अगस्त को साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता के खाते में एक व्यक्ति ने अस्पताल जाने के लिए तत्काल नकदी की जरूरत बताकर फोन-पे के जरिए 2 हजार रुपये ट्रांसफर किए और बदले में नकद राशि ले ली। कुछ दिन बाद बैंक खाते पर होल्ड लगने के बाद उसे पता चला कि उसके खाते में साइबर ठगी की रकम आई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और मोबाइल नंबरों से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस की कड़ी लक्ष्मीनारायण उर्फ लाला साहू निवासी अमोदा और सोनू साहू निवासी चांपा तक पहुंची। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ। 2025 से चल रहा था ठगी का खेल
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे वर्ष 2025 से ब्लूटूथ डिवाइस और हेडफोन की मदद से लड़की की आवाज निकालकर लोगों से शादी और रिश्ते को लेकर बातचीत कर रहे थे। इसके लिए ‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ के नाम से प्रचार सामग्री का इस्तेमाल किया जाता था। लोगों को शादी का रिश्ता कराने का झांसा देकर उनसे रकम ली जाती थी। पैसे मिलने के बाद आरोपी संपर्क बंद कर देते थे।

पढे़ं:  छत्तीसगढ़ की रूप कुमारी बनीं महिला मोर्चा अध्यक्ष, म्हस्के को भी जिम्मेदारी कई जिलों में लोगों को बनाया शिकार
पुलिस की बैंकिंग और साइबर पोर्टल से की गई जांच में कवर्धा, रायपुर, बलौदाबाजार, बालोद और महासमुंद समेत कई जिलों से जुड़ी शिकायतों के सुराग मिले हैं। आरोपियों के बैंक खातों में अलग-अलग लोगों से ठगी की रकम पहुंचने की जानकारी सामने आई है। मोबाइल चैटिंग की जांच में भी कई अन्य लोगों से ठगी के संकेत मिले हैं, जिन्होंने अभी तक पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, हेडफोन, व्हाट्सऐप चैटिंग से जुड़े साक्ष्य और ‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ के फ्लेक्सी व पंपलेट जब्त किए हैं। बैंक खातों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच अभी जारी है। पुलिस के अनुसार जांच आगे बढ़ने पर ठगी की रकम और पीड़ितों की संख्या बढ़ सकती है। दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें