फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धमतरी: गंगरेल बांध में नववर्ष उत्सव का शुभारंभ, पर्यटन और संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास

अमर उजाला नेटवर्क, धमतरी Updated Thu, 01 Jan 2026 08:20 PM IST

नववर्ष 2026 के स्वागत में धमतरी जिला प्रशासन और पर्यटन समिति द्वारा गंगरेल बांध परिसर में चार दिवसीय भव्य “न्यू ईयर फेस्ट” का शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ किया गया। यह उत्सव 1 जनवरी से 4 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से सायं 7 बजे तक आयोजित हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय नागरिक उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। नववर्ष के पहले दिन गंगरेल बांध परिसर उत्सव के माहौल में सराबोर नजर आया, जहाँ धमतरी सहित आसपास के जिलों से आए सैलानी हिंदी फिल्मी गीतों और छत्तीसगढ़ी लोकधुन “महुआ झरे” पर झूमते दिखे। इस उत्सव का मुख्य उद्देश्य जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल गंगरेल को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना, स्थानीय पर्यटन को प्रोत्साहित करना, क्षेत्रीय संस्कृति को मंच प्रदान करना और रोजगार के नए अवसर सृजित करना है। भिलाई से आए पर्यटकों तुषार और भूमिका राजपूत ने आयोजन को व्यवस्थित, सुरक्षित और मनोरंजक बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल पर्यटन को बढ़ावा देते हैं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति से भी लोगों को परिचित कराते हैं। रायपुर, दुर्ग और कांकेर से आए पर्यटकों ने भी गंगरेल की प्राकृतिक सुंदरता, स्वच्छ वातावरण और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना की। न्यू ईयर फेस्ट में संगीत कार्यक्रम, लाइव डीजे, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, फूड स्टॉल, मनोरंजन गतिविधियाँ और बोनफायर जैसे विशेष आकर्षण शामिल हैं, जो सभी आयु वर्ग के लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। प्रतिभागियों के लिए आकर्षक उपहार, ट्रॉफी, विशेष पुरस्कार और सरप्राइज रिवॉर्ड की भी व्यवस्था की गई है, जिससे लोगों का उत्साह बढ़ा है। गंगरेल बांध की मनोहारी प्राकृतिक छटा के बीच आयोजित यह उत्सव नववर्ष को यादगार बनाने का एक अनूठा अवसर प्रदान कर रहा है। जिला प्रशासन और पर्यटन समिति ने नागरिकों और पर्यटकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर उत्सव का आनंद लेने और धमतरी जिले की पर्यटन छवि को सशक्त बनाने की अपील की है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें