भाटापारा नगर पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने सीएमओ जफर खान के माध्यम से नगर पालिका के 13 कर्मचारियों को नोटिस जारी किया। अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने बताया कि उन्होंने जब से पदभार ग्रहण किया है, वे नियमित रूप से नगर पालिका कार्यालय आ रहे हैं, लेकिन कुछ दिनों से कुछ कर्मचारी कार्य अवधि में अनुपस्थित रहे हैं और कार्यालय में नहीं आ रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए सीएमओ के माध्यम से नोटिस जारी किया गया है। अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि कार्य अवधि में कर्मचारियों का कार्यालय में उपस्थित होना आवश्यक है ताकि नगरवासियों को अपनी आवश्यकताओं के लिए आसानी से सेवाएं मिल सकें। उन्होंने आगे कहा कि पूर्व में नगर पालिका अध्यक्ष के कार्यकाल के दौरान कर्मचारियों में उदासीनता थी और वे कार्य में रुचि नहीं दिखा रहे थे। अब समय बदल चुका है और वे और उनके साथी पार्षद पूरी इमानदारी से अपना कार्य कर रहे हैं। अश्वनी शर्मा ने स्पष्ट किया कि नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी भी अपनी जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नोटिस के बाद भी कर्मचारी कार्यालय में उपस्थित नहीं होते, तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अंत में उन्होंने कहा कि नगरवासी उनकी ओर आशा लगाए हुए हैं, और उनकी उम्मीदों पर खरा उतरना उनकी जिम्मेदारी है।