सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े उठाईगिरी की वारदात सामने आई है। बाजार रोड स्थित एक पतंजलि स्टोर के काउंटर से दो अज्ञात युवक करीब 1 लाख 70 हजार रुपए पार कर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बतौली निवासी व्यवसायी संकट मोचन गुप्ता बुधवार को स्टेट बैंक से राशि निकालकर अपनी दुकान पहुंचे थे। उन्होंने नकदी काउंटर में रख दी थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक दुकान पर पहुंचे और तेल मांगने लगे।
बताया जा रहा है कि एक युवक ने व्यवसायी को बातचीत में उलझाए रखा, जबकि दूसरा युवक मौका पाकर काउंटर से नकदी लेकर बाहर निकल गया। इसके बाद दोनों आरोपी तेजी से मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विवेक सेंगर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों में से एक युवक ने चेहरा ढंक रखा था, जिससे उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस को आशंका है कि आरोपी बैंक से ही व्यवसायी का पीछा कर रहे थे, लेकिन वहां मौका नहीं मिलने पर उन्होंने दुकान में वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब बैंक के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। पीड़ित व्यवसायी के अनुसार, उन्होंने घर में चल रहे निर्माण कार्य और मजदूरी भुगतान के लिए बैंक से राशि निकाली थी।