अंबिकापुर में नगर निगम क्षेत्र में जर्जर सड़कों, बदहाल जल निकासी और लगातार बिजली कटौती को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों ने ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कलेक्टर अजीत बसंत से इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन होगा। इसमें चक्का जाम भी शामिल रहेगा। ज्ञापन में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 की सदर सड़क और देवीगंज सड़क की खराब हालत बताई गई। महामाया चौक से गुरुनानक चौक तक की सड़क भी जर्जर है। बाबूपारा, विशुनपुर, नमनाकला जैसे कई वार्डों की अंदरूनी सड़कें भी खराब हैं। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि टेंडर प्रक्रिया के बाद भी काम शुरू नहीं हुआ। यह प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। जल निकासी व्यवस्था पर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए। कई वार्डों में नालों का निर्माण वर्षों से लंबित है। अव्यवस्थित मिट्टी भराव से जल निकासी मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं।
हल्की बारिश में भी कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन जाती है। नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने अघोषित बिजली कटौती पर सरकार को घेरा। उन्होंने बढ़े हुए बिजली बिलों पर भी चिंता जताई। लगातार बिजली बंद रहने से आम नागरिक, व्यापारी और विद्यार्थी परेशान हैं। शहर की अधिकांश स्ट्रीट लाइटें बंद होने से रात में दिक्कतें होती हैं।
कांग्रेस ने सफाई व्यवस्था की लचर स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की। ज्ञापन में बताया गया कि विधवा, वृद्धा और दिव्यांग पेंशन पिछले छह माह से लंबित है। इससे हितग्राहियों को गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन सौंपने के दौरान कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें संजय विश्वकर्मा, मेराज गुड्डू और हसन खान शामिल थे।