चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच-32) की इंप्लाइज एंड वर्कर्स ज्वाइंट एक्शन कमेटी की तरफ से वीरवार को ज्वाइंट जनरल बैठक की गई। प्रधान सुखबीर सिंह की अध्यक्षता में की गई बैठक में अस्पताल में कार्यरत अलग-अलग विभागों के सैकड़ों आउटसोर्स वर्कर्स ने हिस्सा लिया। इस दौरान समान कार्य समान वेतन और डीसी रेट बढ़ोतरी के लिए आवाज बुलंद की गई। बैठक में चंडीगढ़ भाजपा प्रदेश सचिव शशि शंकर तिवारी ने भी शिरकत की। ज्वाइंट एक्शन कमेटी की ओर से शशि शंकर तिवारी को प्रदेश सचिव नियुक्त किए जाने पर शुभकामनाएं दी गई और उनको सम्मानित किया गया। कमेटी की तरफ से कर्मचारियों की मांगों को लेकर शशि शंकर तिवारी को ज्ञापन भी सौंपा गया। तिवारी ने अस्पताल के आउटसोर्स कर्मचारियों की मांगों को जल्द पूरा करवाने का आश्वासन दिया।