त्योहारों के मौसम में मिठाइयों और तली-भुनी चीजों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों को सजग और सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के हस्ताक्षरी सुखविंदर सिंह ने बताया कि मिठाई खरीदते समय उपभोक्ताओं को कुछ अहम बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए, ताकि मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि बाजार में कई बार चमकदार रंगों वाली मिठाइयां उपलब्ध होती हैं, जो कृत्रिम रंगों से बनाई जाती हैं। ऐसे रंग स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं, इसलिए चटकीले रंगों वाली मिठाइयां लेने से बचें। सुखविंदर सिंह ने बताया कि उपभोक्ता अब ‘फूड सेफ्टी एप’ के माध्यम से संदिग्ध खाद्य पदार्थों या दुकानों की जानकारी सीधे विभाग तक पहुंचा सकते हैं। इससे फूड सेफ्टी टीम मौके पर जाकर तुरंत कार्रवाई कर सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि तली हुई चीजें खरीदते समय तेल का रंग जरूर देखें। अगर तेल काला या गाढ़ा दिखाई दे, तो समझें कि उसे बार-बार गर्म किया गया है। यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है और इससे पेट संबंधी बीमारियां हो सकती हैं।