फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weather Update: बिहार में बढ़ी ठिठुरन, पारा सात डिग्री तक पहुंचा..जानें अपने शहर का हाल

बिहार में पछुआ सर्द हवाओं के चलते ठिठुरन लगातार बढ़ती जा रही है। न्यूनतम तापमान गिरकर सात डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के आठ जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया। वहीं रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने से आम जनजीवन के साथ-साथ वाहन चालकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मोकामा थाना क्षेत्र में फोरलेन पर शुक्रवार को घने कोहरे के कारण एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दो ट्रक और एक हाईवा आपस में टकरा गए, जिससे तीनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। उधर, आरा के कोइलवर पुल के पास भी एक कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इन दोनों दुर्घटनाओं में कुल चार लोग घायल हुए हैं।

मौसम विभाग ने वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में कोहरा और घना हो सकता है तथा दृश्यता 50 मीटर से भी कम रह सकती है। अगले तीन दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई गई है। पूर्वानुमान के अनुसार, अगले सात दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा, हालांकि अगले दो से तीन दिनों के दौरान राज्य के एक-दो स्थानों पर सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाने की आशंका है। तापमान के रुझान को लेकर बताया गया है कि अगले चार-पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, जबकि अगले दो-तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान भी लगभग स्थिर बना रह सकता है।

बीते 24 घंटों में बिहार का मौसम शुष्क रहा। इस दौरान राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस फॉरबिसगंज में दर्ज किया गया, जबकि पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 22.7 से 28.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं देखा गया। वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो किशनगंज में सबसे कम 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में न्यूनतम तापमान 7.6 से 15.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा और इसमें भी कोई विशेष बदलाव नहीं देखा गया। कोहरे के कारण दृश्यता में कमी दर्ज की गई, जहां गयाजी में न्यूनतम दृश्यता 200 मीटर तक पहुंच गई। इस दौरान राज्य में कहीं भी बारिश नहीं हुई।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें