फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar Weather Update: बिहार के 33 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, जानें अपने शहर का हाल

बिहार में आज मौसम का मिज़ाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आया। राज्य के किसी भी जिले में धूप नहीं निकली। पटना, पूर्णिया, भागलपुर, मुंगेर, तिरहुत और शाहाबाद प्रमंडल समेत पूरा बिहार घने कोहरे की सफेद चादर में लिपटा रहा। ग्रामीण इलाकों में लोग ठंड और कोहरे के कारण घरों से बाहर नहीं निकले, जबकि शहरों में आवश्यक काम से निकलने वाले लोगों को भी तेज कनकनी का सामना करना पड़ा।

घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है। सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो गई है, वहीं दिल्ली से आने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। रेल और हवाई सेवाओं पर भी कोहरे का असर देखने को मिल रहा है।

इधर, मौसम विज्ञान केंद्र ने 19 दिसंबर की सुबह को लेकर तात्कालिक मौसम चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, 23 दिसंबर तक बिहार के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। सुबह और रात के समय दृश्यता और अधिक घटने की संभावना है, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है।

मौसम विभाग ने राज्य के 17 जिलों के लिए यलो अलर्ट और 16 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। समस्तीपुर, पटना, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया और किशनगंज के कुछ इलाकों में अगले तीन घंटे के दौरान एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।

वहीं पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल और गया जिलों में घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। इन क्षेत्रों में दृश्यता बेहद कम रह सकती है।

पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार का मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। धूप नहीं निकलने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना में अधिकतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे दिन और रात के तापमान का अंतर काफी कम रहा। औरंगाबाद और गया में अधिकतम तापमान में 7 डिग्री, नालंदा में 6 डिग्री और वैशाली में 6.2 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी। लगातार घना कोहरा छाए रहने से धूप निकलने की संभावना कम है, जिससे अधिकतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। 18–19 और 20–21 दिसंबर के दौरान राज्य के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में अधिकांश स्थानों पर घना से अति घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है, जबकि पूर्वी बिहार में भी घना कोहरा बना रह सकता है।

22 दिसंबर को उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-मध्य बिहार के एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से घने स्तर का कोहरा बना रह सकता है और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है।

मौसम विभाग और स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे ठंड और कोहरे को देखते हुए जारी एडवाइजरी का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और खासतौर पर सुबह व देर रात सतर्कता बरतें।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें