लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की समस्तीपुर सांसद शांभभी चौधरी ने शनिवार को गया में विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार जात-पात और धर्म के नाम पर समाज को बांटने का काम कर रहा है। जबकि उनकी पार्टी और एनडीए सरकार सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर काम कर रही है।
बिहार के विकास की सोच रखती है लोजपा (रा)
सांसद शांभभी चौधरी से मौलाना अरशद मदनी द्वारा एलजेपी (आर) प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पर दिए गए बयान के बारे में पूछा गया। इसके जवाब में उन्होंने स्पष्ट कहा कि देखिए, ये सारे लोग सिर्फ जात-पात के नाम पर समाज को बांटना चाहते हैं। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान हमेशा से जात-पात और धर्म से ऊपर उठकर काम करने की बात करते रहे हैं। ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ का नारा भी इसी सोच का प्रतीक है।
यह भी पढ़ें- पलायन रोको नौकरी दो यात्रा:बेरोजगारी पर फूटा युवाओं का गुस्सा, यूथ कांग्रेस बोली- सरकार पूंजीपतियों की हितैषी
उन्होंने कहा कि अगर वास्तव में किसी संगठन ने कोई ऐसा फरमान जारी किया है तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। चिराग पासवान हमेशा सभी धर्मों और सभी वर्गों के कल्याण की बात करते हैं। उन्होंने वक्फ बोर्ड के मामले में भी खुले विचार रखे और सुझाव दिए कि इस तरह के मुद्दों को मिल-बैठकर, चर्चा के माध्यम से सुलझाया जाना चाहिए।
अजित पवार के बयान पर पलटवार
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के उस बयान जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘मुसलमानों को आंख दिखाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा’, पर भी सांसद शांभभी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि क्या ऐसी एग्रेसिव स्टेटमेंट देकर कोई विकास होगा? हमारे एनडीए सरकार की कोई भी योजना आज तक धर्म के नाम पर नहीं बनी। हमने कभी भी धर्म या जाति के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया। चाहे वह आयुष्मान योजना हो या अस्पतालों में इलाज की सुविधा, सभी को समान रूप से लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि कुछ नेता जानबूझकर समाज में नफरत फैलाने की कोशिश करते हैं ताकि वे अपनी राजनीतिक रोटियां सेक सकें। लेकिन अब युवा पीढ़ी सब समझ चुकी है। उन्हें भटकाने की कोशिश न की जाए। देश और राज्य की राजनीति को नफरत से नहीं, विकास से आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें- Bihar Election:मोतिहारी में गरजे लालू यादव, बोले- कोई माई का लाल तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनने से नहीं रोक सकता
‘CM नीतीश के बायकॉट की कोशिश विपक्ष की राजनीति का हिस्सा’
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बायकॉट को लेकर कुछ मुस्लिम संगठनों द्वारा दिए गए बयानों पर भी उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ये विपक्षी लोग जानते हैं कि अगर वे अल्पसंख्यकों की राजनीति नहीं करेंगे, तो उनका कोई भविष्य नहीं रहेगा। इसलिए वे बार-बार इस तरह के प्रयास कर रहे हैं।
चिराग पासवान के मुख्यमंत्री बनने पर क्या कहा सांसद ने
चिराग पासवान के बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर सांसद शंभभी चौधरी ने कहा कि यह निर्णय पार्टी के वरिष्ठ नेता और एनडीए गठबंधन की बैठक में तय होता है। पहले ही एनडीए ने स्पष्ट कर दिया है कि अगला विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।
यह भी पढ़ें- Bihar:लालू ने कहा- इस बार बिहार का Cm बनेगा तेजस्वी, अपने नेता को रोटी-साग खिलाकर क्या बोल गए केदार यादव
‘विकास की राजनीति ही विकल्प’
अंत में सांसद ने कहा कि बिहार की जनता अब विकास चाहती है, न कि जात-पात और धर्म का झगड़ा। जो लोग नफरत की राजनीति कर रहे हैं, उन्हें समझना चाहिए कि जनता अब उन्हें स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान तीनों का उद्देश्य सिर्फ एक है, बिहार और भारत का विकास।