उत्तरकाशी स्थित निम में प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षार्थियों के साथ डीएम मयूर दीक्षित व अन?
- फोटो : UTTER KASHI
नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) राज्य के युवाओं को ट्रेकिंग-हाइकिंग और राहत एवं बचाव की बारीकियां सिखाएगा। सोमवार को उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) और निम की ओर से सात दिवसीय ट्रेकिंग व गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया, जिसके पहले चरण में राज्यभर से 49 युवा प्रतिभाग कर रहे हैं।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को ऑनलाइन संबोधित किया। पर्यटन मंत्री महाराज ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण के लिए रोजगार सृजित करने में अहम भूमिका निभाएगा। यह राज्य के साहसिक पर्यटन क्षेत्र में एक नवीनतम कदम है, जो राज्य में साहसिक पर्यटन को नई ऊंचाइयां देगा। यूटीडीबी के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (साहसिक पर्यटन) कर्नल अश्विन पुंडीर ने बताया कि स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ट्रेकिंग ट्रक्शन सेंटर होम स्टे अनुदान योजना को लागू किया गया था। योजना के तहत प्रदेश के छह जिलों में 13 ट्रेकिंग ट्रक्शन सेंटर में 73 गांवों को चिह्नित किया गया है। इन चिह्नित गांवों से इच्छुक युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए निम के साथ मिलकर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। पहले चरण में पिथौरागढ़, बागेश्वर, चमोली, रुद्रप्रयाग और टिहरी गढ़वाल के 49 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इसमें उत्तरकाशी के अगोड़ा ट्रक्शन सेंटर से 11, हर्षिल से एक व सांकरी से 4 युवा प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम में डीएम मयूर दीक्षित, निम के उप प्रधानाचार्य ले. कर्नल योगेश धूमल, थल क्रीड़ा विशेषज्ञ रनवीर सिंह नेगी, मुख्य प्रशिक्षक जगमोहन रावत, जिला पर्यटन अधिकारी प्रकाश खत्री, निम क्यूरेटर विशाल रंजन आदि मौजूद रहे।
चार बैच किए जाएंगे संचालित
वित्तीय वर्ष 2021-22 में कम ऊंचाई पर ट्रेकिंग व गाइड प्रशिक्षण के लिए चार बैच संचालित किए जाने प्रस्तावित हैं, जिसमें लगभग 260 युवाओं को स्वरोजगार से जोड़े जाने की योजना है। प्रशिक्षण का पाठ्यक्रम पूरा होने के बाद युवाओं को निम और यूटीडीबी की ओर से संयुक्त रूप से पाठ्यक्रम पूर्णता का प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा।