पुरोला तिराहे पर जाम लगाते व्यापारी।
- फोटो : UTTER KASHI
व्यापार मंडल महामंत्री के साथ मारपीट के आरोप में राजस्व पुलिस ने क्षेत्र के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग के लिए व्यापारियों ने पुरोला तिराहे पर जाम लगाया था। थानाध्यक्ष व कानूनगो से वार्ता होने पर करीब 15 मिनट बाद जाम खोल दिया गया था। देर शाम आरोपी को जमानत पर छोड़ दिया गया।
शनिवार को पुरोला व्यापार मंडल के व्यापारियों ने पुरोला तिराहे पर सांकेतिक जाम लगाया। व्यापारी नगर व्यापार मंडल के महामंत्री अंकित पंवार से मारपीट के आरोपी को गिरफ्तार किए जाने की मांग कर रहे थे। व्यापार मंडल के महामंत्री अंकित ने बताया कि बीते शुक्रवार शाम वह अपनी दुकान बंद करने के बाद सब्जी लेने जा रहे थे। इसी दौरान कुमोला रोड़ के पास मखना गांव निवासी राहुल ने पीछे से उनके सिर पर रिवाल्वर की बट से हमलाकर दिया। जिससे वह घायल हो गए। मारपीट की सूचना पर पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत मे ले लिया था लेकिन मामला दर्ज नहीं किया गया। शनिवार को राजस्व पुलिस ने अंकित की शिकायत पर आरोपी राहुल के खिलाफ मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया। व्यापारियों ने थानाध्यक्ष थानाध्यक्ष अशोक कुमार व कानूनगो जिनेंद्र सिंह रावत से वार्ता के दौरान जिलाधिकारी को ज्ञापन भी भेजा। विरोध करने वालों में व्यापार मंडल अध्यक्ष बृजमोहन चौहान, उपाध्यक्ष दीपक नौडियाल सहित अन्य व्यापारी शमिल थे। राजस्व उपनिरीक्षक सुखबीर सिंह ने बताया कि अंकित पंवार की शिकायत पर आरोपी राहुल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से कोई रिवाल्वर बरामद नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है।