नगर पंचायत अध्यक्ष और सभासदों के बीच विवाद समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा है। चार सभासदों ने अध्यक्ष पर मनमानी का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्यों की जांच की मांग की है। सभासदों ने जांच होने तक बोर्ड बैठकों का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है। वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष हरिमोहन ने इसे ब्लैकमेलिंग करार दिया है।
मंगलवार को चार सभासद भुवनेश उनियाल, सुषमा चौहान, धनवीरी चौहान व विनोद नौटियाल ने पत्रकारों से वार्ता की। सभासदों ने कहा कि नगर पंचायत में बड़े स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं। बोर्ड बैठक में अनुमोदित प्रस्तावों के विपरीत कार्य किए गए हैं। आरोप लगाया कि ज्यादातर कार्य केवल कागजों में ही हैं। एक ही कार्य को अलग-अलग वार्ड में दिखाकर दो-दो बार भुगतान किया गया है। सभासदों ने आरोप लगाया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत सभी वार्डों में मोबाइल शौचालय के नाम पर सात लाख रुपये का खर्च दिखाया गया है, जबकि उनके वार्डों में मोबाइल शौचालय नहीं लगाए गए।
वहीं, अध्यक्ष हरिमोहन नेगी ने इसे ब्लैकमेलिंग करार दिया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग विकास कार्यों को पचा नहीं पा रहे हैं। उनकी छवि धूमिल करने के लिए प्रपंच रचा जा रहा है।
--------------
जब मैंने नगर पंचायत अध्यक्ष का कार्यभार संभाला था, तब नगर पंचायत की आय 15 हजार प्रतिमाह थी। आज 3 लाख रुपये प्रतिमाह है। नगर पंचायत क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। नगर पंचायत की ओर से सभी वार्डों के लिए एक मोबाइल शौचालय खरीदा गया है, जो खेल मैदान में हैं। जिस वार्ड में जरूरत होती है वहां भेजा जाता है। एक ही कार्य के लिए दो बार भुगतान का आरोप जांच का विषय है। -हरिमोहन नेगी, अध्यक्ष नगर पंचायत पुरोला।
------------------
बोर्ड बैठक पर कोई प्रभाव नहीं
अध्यक्ष हरिमोहन नेगी ने कहा कि चार सदस्यों के बहिष्कार से बुधवार को होने वाली बोर्ड बैठक पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। बोर्ड में अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी भी सदस्य होते हैं। इन चार सदस्यों के बहिष्कार के बाद भी 6 सदस्य बैठक में रहेंगे। बोर्ड का कोरम पूरा है।
-----------------
विधायक निधि में भी घपला
सभासदों ने विधायक निधि के कार्यों में भी घपले का आरोप लगाया है। सभासदों के अनुसार एक ही रास्ते का नाम बदलकर दो-दो बार भुगतान किया गया है। विधायक निधि से वार्ड दो में पुरोला से राजकीय इंटर कालेज संपर्क मार्ग का समतलीकरण करने में चार लाख 44 हजार रुपये तथा पुरोला से विकासखंड कार्यालय संपर्क मार्ग के समतलीकरण में चार लाख 43 हजार रुपये खर्च दिखाया गया है। जबकि दोनों संस्थान एक ही मार्ग पर अगल-बगल हैं।