खटीमा। बानूसी टोल प्लाजा पर टोल मांगने पर युवकों ने टोल कर्मियों को पीट दिया। इसके विरोध में टोल कर्मियों ने एसडीएम रविंद्र सिंह बिष्ट को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है।
एसडीएम को दिए ज्ञापन में टोल कर्मियों ने आरोप लगाया कि 16 मई की शाम को वीआईपी लाइन आठ पर तीन चार युवकों ने खुद को स्थानीय निवासी बताते हुए बैरियर तोड़ने का प्रयास किया। विरोध करने पर उन्होंने टोल कर्मियों के साथ गालीगलौज और मारपीट की। इस मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को देकर मदद मांगी तो उन्होंने 112 पर कॉल करने को कहा।
टोल प्लाजा कर्मियों ने कहा कि कोई मुख्यमंत्री का मिलने वाला बताकर डराता है तो कोई गुंडागर्दी करता है और जबरदस्ती गेट बैरियर को लात मारकर बिना पथ कर दिए निकल जाते हैैं। टोल प्लाजा कर्मियों का आरोप है कि स्थानीय प्रशासन का सहयोग नहीं मिल रहा है। इसके चलते उन्हें सरकारी पथकर शुल्क संग्रह के कार्य में परेशानी आ रही है। उन्होंने मारपीट करने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।