रुद्रपुर कलक्ट्रेट के बाहर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन करते गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी के सदस्य।
- फोटो : RUDRAPUR
गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब प्रबंध कमेटी में चुनाव का प्रस्ताव विवादों में घिर गया है। प्रबंध कमेटी के सदस्यों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम के समक्ष आक्रोश जताया। प्रबंध कमेटी के सदस्यों का कहना है कि चुनाव की प्रक्रिया असांवैधानिक है, जिसका वह विरोध कर रहे हैं। इस संबंध में एडीएम की बैठक का भी उन्होंने बहिष्कार कर दिया।
नानकमत्ता साहिब गुरुद्वारे में प्रबंध कमेटी के सदस्य बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। कमेटी सदस्यों ने एडीएम जय भारत सिंह पर जबरन राय थोपने का आरोप लगाते हुए बैठक का बहिष्कार कर दिया। इसके बाद कलक्ट्रेट गेट पर खड़े होकर सांकेतिक रूप से विरोध प्रदर्शन किया।
कमेटी के 15 डायरेक्टर चुनाव के विरोध में हैं। समिति सदस्यों ने कहा कि कार्यवाहक सचिव को किसी भी प्रकार की बैठक बुलाने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उनका विरोध जारी रहेगा। इस मामले में डीएम युगल किशोर पंत ने बताया कि प्रबंध कमेटी के सदस्यों के प्रत्यावेदन का न्यायिक समाधान किया जाएगा।