काशीपुर। अवैध खनन के लिए गड्ढे खोदकर खेती की जमीन और पर्यावरण को बर्बाद कर रहे स्टोन क्रशरों पर कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार को ग्रामीण और किसान सड़क पर उतर आए। उन्होंने एसडीएम कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। गुस्साए किसान एसडीएम कार्यालय के गेट पर ही बैठ गए और आवाजाही बंद कर दी। किसानों ने क्रशर संचालकों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई होने तक धरना जारी रखने की बात कही। एसडीएम के बाहर होने के चलते किसानों की उनसे मुलाकात नहीं हो सकी।
जुड़का गांव में ग्रामीण और किसान कई दिन से धरना दे रहे हैं। उन्होंने बुधवार को एसडीएम का घेराव करने की घोषणा की थी। सुबह लगभग 11 बजे किसान एसडीएम कार्यालय पर जुटने लगे। साढ़े 11 बजे बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने एसडीएम कार्यालय को घेर लिया। किसान कार्यालय के गेट पर बैठ गए, जिससे रास्ता बाधित हो गया। किसान नेता जितेंद्र सिंह जीतू ने कहा कि क्रशर संचालक गहरे गड्ढे खोद कर खनिज निकाल रहे हैं। खेती की जमीनें बर्बाद हो रही हैं। जलस्तर गिरने से पेयजल संकट पैदा हो रहा है। जमीनें बंजर होने की कगार पर हैं। स्टोन क्रशर पर्यावरण के लिए बड़ा खतरा बन गए हैं। वक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि क्रशर संचालक नियमों को दरकिनार कर खनन कर रहे हैं। अनुमति से कई गुना ज्यादा खनिज निकाला जा रहा है। उनकी मांग है कि स्टोन क्रशर संचालकों की ओर से निकाले गए उपखनिज को दोबारा भर दिया जाए। किसान एसडीएम को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। हालांकि बुधवार शाम तक एसडीएम मौके पर नहीं पहुंचे थे।
लोगों की पीड़ा
- रेशम सिंह ने कहा कि मामले की शिकायत पहले भी की जा चुकी है, बावजूद कार्रवाई नहीं हो सकी है।
-होश्यार सिंह ने आरोप लगाया कि अधिकारियों के सामने ही पोकलैंड से खनन किया जाता है, जो अवैध है। जुड़का, गुलजारपुर, जगतपुरा, महादेव नगर के 54 ऐसे लोग हैं जिनके हैंडपंप सूख गए हैं।
ये रहे मौजूद
रिंकू प्रधान, पंकज कुमार मोनू, हरदीप सिंह, डॉ. एमए राहुल, मोहन सिंह, एडवोकेट गोपाल सिंह, हरपाल सिंह, ग्राम प्रधान रिकूं, हरदीप सिंह, बलजिंदर सिंह संधू, टीका सैनी, सीमा आदि।
क्रशरों पर लग सकता है जुर्माना
काशीपुर। पिछले दिनों स्टोन क्रशरों पर हुई छापामारी की रिपोर्ट एसडीएम ने जिला मुख्यालय को भेज दी है। कुछ क्रशरों में गड़बड़ी मिली है। इन पर भारी जुर्माना लगाया जा सकता है।
प्रशासन और खनन विभाग की टीम ने क्षेत्र के कुछ स्टोन क्रशरों पर छापामारी की थी। इस दौरान देखा गया था कि क्रशर संचालकों को कितनी मिट्टी उठाने की अनुमति मिली हुई है और वे कितनी मिट्टी उठा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान कुछ क्रशरों पर गड़बड़ी पकड़ में आई है। क्रशर संचालक मानकों का उल्लंघन करते हुए पकड़े गए हैं। नियमों को तोड़ने की पुष्टि हुई है। एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि स्टोन क्रशरों पर हुई छापामारी की जांच पूरी कर ली गई है। रिपोर्ट जिला मुख्यालय भेजी गई है।