दिल्ली में महामहिम राष्ट्रपति के हाथों सम्मान प्राप्त करते एअर मार्शल (सेवानिवृत्त) कुलदीप शर्म
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। सुल्तानपुर पट्टी के ग्राम पिपलिया निवासी एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) कुलदीप शर्मा को परम विशिष्ट सेवा पदक (पीवीएसएम) से नवाजा गया है। सोमवार को राष्ट्रपति भवन में उन्हें यह सम्मान दिया गया।
पिपलिया निवासी कुलदीप शर्मा ने 38 वर्षों तक वायुसेना के विभिन्न पदों पर कार्य किया। वायुसेना से सेवानिवृत्त होने के बाद वर्तमान में वह भारत सरकार के रक्षा उपक्रम (डीआरडीओ) में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
सेवारत रहते हुए उनकी ओर से किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए उनको दो बार वायु सेना प्रमुख और एक बार कमांडिंग ऑफ चीफ ने प्रोत्साहन पदक से सम्मानित किया। शर्मा को विशिष्ट सेवा पदक, अतिविशिष्ट सेवा पदक भी मिल चुके हैं।
सोमवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें पदक प्रदान किया। इस मौके पर राष्ट्रपति भवन में शर्मा के बड़े भाई यूपीएसटीसी सिडकुल में चीफ इंजीनियर रहे सुरेश शर्मा भी मौजूद रहे। उन्होंने वहीं से दूरभाष पर इस बारे में जानकारी दी।
कुलदीप के बड़े भाई स्व. धर्मवीर शर्मा उत्तराखंड हाईकोर्ट के जस्टिस रह चुके हैं। एक भाई अशोक शर्मा अधिवक्ता हैं। लायंस क्लब काशीपुर सिटी के अध्यक्ष सुरेश शर्मा व अधिवक्ता मनोज जोशी ने शर्मा को राष्ट्रपति पदक मिलने पर खुशी जाहिर की है।