तहसील परिसर में बिजली के खंभे में करंट दौड़ने से उसकी चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोमवार की सुबह दस बजे खेड़ा क्षेत्र में बिजली गुल हो गई थी। लोगों की शिकायत पर विद्युत विभाग के कर्मचारी फाल्ट तलाशने में जुटे थे। इसी बीच वे तहसील परिसर पहुंचे तो वहां झाड़ियों के बीच स्थित बिजली के खंभे के पास एक युवक करंट से झुलसा हुआ था। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। रम्पुरा चौकी इंचार्ज ओमप्रकाश ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। जेब से मिले आधारकार्ड से मृतक की पहचान धर्मपाल (24) पुत्र स्व. परमेश्वरी निवासी कृष्णा कालोनी वार्ड नंबर दो के रूप में हुई। पुलिसकर्मियों की सूचना पर धर्मपाल की दिव्यांग मां अजब देवी वहां पहुंच गई और बेटे का शव देख बिलख पड़ी।
बताया कि धर्मपाल सिडकुल की एक कंपनी में बतौर दिहाड़ी श्रमिक काम करता था। सुबह पांच बजे घर से काम के लिए निकला था। वह अविवाहित था और छह भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। एसआई ओमप्रकाश ने पास्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच की जाएगी।