अमाऊं में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस बीच छिटककर सड़क पर गिरे सीआरपीएफ के पूर्व इंस्पेक्टर को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों बाइकों और डंपर को कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था।
महतगांव चकरपुर निवासी सीआरपीएफ के पूर्व इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह सामंत (68) पुत्र स्व. माधो सिंह और विशन सिंह अधिकारी पुत्र भवान सिंह बुधवार सुबह साढ़े 10 बजे बाइक (यूके06एम5988) से खटीमा आ रहे थे। अमाऊं में टनकपुर रोड पर अलक्ष्या पब्लिक स्कूल के पास सामने से आ रही बाइक (यूके06एल8885) से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। इससे सड़क पर गिरे लक्ष्मण सिंह को टनकपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर (यूके06सीबी0642) ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनका साथी विशन सिंह घायल हो गया। दूसरी बाइक पर सवार दोनों लोग मामूली चोटिल हो गए। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे चकरपुर चौकी प्रभारी दीपक कौशिक ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर तीनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि पुलिस को तहरीर नहीं मिली है।