रुद्रपुर में कांग्रेसियों ने बीते दिनों वाहन चेकिंग के दौरान सिख युवक से हुई अभद्रता के मामले में संबंधित चौकी इंचार्ज को निलंबित करने की मांग को लेकर प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। रविवार को डीडी चौक पर प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा ने कहा कि दरोगा का यह कृत्य असहनीय है। इससे न केवल सिख समाज बल्कि आम लोगों में नाराजगी है। कहा कि एसएसपी ने दरोगा को लाइन हाजिर किया है, जबकि निलंबन कर उसे जिले से बाहर भेजा जाना चाहिए।
महिला कांग्रेस की वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मीना शर्मा ने कहा कि पुलिस कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई करती तो किसी को कोई आपत्ति नहीं होती। कहा कि दरोगा को निलंबित कर जिले से बाहर करने की मांग को लेकर सोमवार को एसएसपी को ज्ञापन दिया जाएगा। वहां प्रीति साना, मोहन खेड़ा, उमा सरकार, सपना गिल, ममता शर्मा आदि थे।
युवक संग हुई अभद्रता को लेकर निंदा प्रस्ताव पारित
बाजपुर में गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी की रविवार को गुरुद्वारा साहिब में बैठक हुई। इसमें सिख युवक के साथ हुई अभद्रता करने वाले दरोगा को निलंबित करने की मांग की गई। कमेटी अध्यक्ष कुलविंदर सिंह किंदा ने बताया कि बैठक में रुद्रपुर में सिख युवक के साथ हुई अभद्रता की घटना को लेकर निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा सीएम पुष्कर सिंह धामी से बाजपुर के बीस गांव की 5838 एकड़ भूमि के मामले का समाधान करने की पुरजोर मांग की गई। वहां अवतार सिंह सैनी, बाज सिंह, मंगा सिंह, कर्मजीत सिंह, सर्वजीत सिंह, गुरताज सिंह, सरमुख सिंह, अमरपाल सिंह आदि थे।
कांग्रेसियों ने फूंका पुलिस, प्रशासन का पुतला