जिला प्रशासन ने भी 2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/सीडीओ नमामि बंसल ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक लेकर मतदेय स्थलों के संशोधन, परिवर्तन, पुनर्निर्धारण, मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन और फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का पुनरीक्षण की जानकारी दी।
विकास भवन में आयोजित बैठक में सीडीओ ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी के आदेशों पर सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाले ऐसे मतदेय स्थल, जिनमें 12 सौ से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं या जिनकी दूरी दो किमी से अधिक, रास्ते में नदी, नाला, जंगल पड़ता हो, उनके स्थान पर नए मतदेय स्थल बनाए जाने हैं। उनके प्रस्ताव 24 घंटे के अंदर सहायक निर्वाचन अधिकारी को उपलब्ध करवाए जाए। बताया कि एक जनवरी 2022 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता सूची में नाम शामिल करवा सकते हैं। साथ ही यदि कोई मतदाता नाम, पता आदि में संशोधन करवाना चाहते हैं, तो अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। बताया कि 80 वर्ष या उससे अधिक आयु वाले मतदाताओं, दिव्यांगजनों को डाक मतपत्र की सुविधा से मतदान कराया जाएगा। बैठक में भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री दिनेश डोभाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश राणा, बसपा के प्रदेश सचिव सुशील पांडेय, जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक एसएस बिष्ट, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एसएल शाह उपस्थित रहे।