ग्रामीणों के आपसी भूमि विवाद के कारण अधर में लटका था सर्वे कार्य
घनसाली (टिहरी)। घनसाली-चानी-तिसरियाडा-विनयखाल सड़क मार्ग को लेकर चला आ रहा भूमि विवाद दस साल बाद सुलझ गया है। भूमि विवाद के चलते इस मार्ग के लिए सर्वे नहीं हो पा रहा था। लेकिन अब लोनिवि ईई ने ग्रामीणों से वार्ता के बाद विवाद को सुलझाने का दावा किया है। उन्होंने बताया कि सर्वे के बाद सड़क निर्माण शुरू करा दिए जाएगा।
वर्ष 2013 में स्वीकृत घनसाली-चानी-तिसरियाडा-विनयखाल दो किमी मोटर मार्ग का कार्य ग्रामीणों के आपसी विवाद के कारण अधर में लटका हुआ था। सड़क के सर्वे को लेकर बीते दिनों इंद्रमणि बडोनी कला साहित्य मंच घनसाली के शिष्टमंडल ने लोनिवि घनसाली को पत्र सौंपा था। मंच के अध्यक्ष लोकेंद्र जोशी ने बताया कि उक्त मोटर मार्ग के सर्वे की स्वीकृति 10 वर्ष पूर्व मिल चुकी थी, लेकिन ग्रामीणों के आपसी विवाद के चलते सड़क का सर्वे कार्य नहीं हो पाया था।
उन्होंने बताया कि बीते दिन लोनिवि घनसाली के ईई दिनेश चंद्र नौटियाल ने मौके पर जाकर ग्रामीणों के साथ वार्ता कर विवाद को सुलझा दिया। ईई नौटियाल ने बताया कि इसी सप्ताह सड़क सर्वे कार्य किया जाएगा। जल्द सड़क निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा। वर्षो से अधर में लटकी सड़क बनने से लोगों को आवागम की सुविधा होगी। इस मौके पर पूर्व प्रधान किशन सिंह रावत, अमर सिंह, चिंतामणि जोशी, सुंदर लाल, सोहन पाल, गब्बर सिंह पंवार, राजेश्वरी देवी आदि मौजूद थे।