ऑलवेदर रोड परियोजना में निर्माणाधीन रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर गुप्तकाशी से सोनप्रयाग तक घटिया कार्य के विरोध में शेरसी में ग्रामीणों का प्रदर्शन 92वें दिन भी जारी रहा। उन्होंने मांगपूर्ति तक आंदोलनरत रहने का निर्णय लेते हुए शासन, प्रशासन व एनएच के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने कहा कि ऑलवेदर रोड परियोजना से पहाड़ में हाईवे के सुधारीकरण की उम्मीद जगी थी, लेकिन एनएच व कार्यदायी संस्था की लचर कार्यशैली ने इसे और भी बदहाल बना दिया है। उन्होंने प्रभावितों को मुआवजा देने, क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की मरम्मत और घटिया निर्माण कार्य का सुधारीकरण करने की मांग की। इस मौके पर पूर्व जिपं सदस्य राजाराम सेमवाल, सुमित अग्रवाल, पीतांबर दत्त, प्रेम लाल, जसपाल, कुंवर लाल, बीरेंद्र सिंह और हरीश कुमार मौजूद थे। संवाद