राष्ट्रीय स्तर पर भोपाल में आयोजित होनी वाली कैनोइंग मैराथन और बोट रेसिंग चैंपियनशिप-2022 के लिए उत्तराखंड की टीम का चयन रुड़की में होगा। चार मई को रुड़की अपर गंगा कैनाल में ट्रायल होगा। इस ट्रायल में उत्तराखंड के स्थायी निवासी खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। खिलाड़ियों को शपथ पत्र के साथ अन्य औपचारिकताएं भी पूूरी करनी होंगी।
क्याकिंग एंड कैनोइंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की सचिव जाह्नवी सिंह ने बताया कि 10वीं राष्ट्रीय कैनोइंग मैराथन (सीनियर, जूनियर महिला/पुरुष) चैंपियनशिप 2022 का आयोजन 18 से 19 मई को लोअर लेक भोपाल (मध्यप्रदेश) में होगा। 10वीं राष्ट्रीय आईसीएफ ड्रैगन बोट रेसिंग (सीनियर, जूनियर महिला/पुरुष मिक्स) का आयोजन 19 से 22 मई तक होगा। चार मई को रुड़की अपर गंगा कैनाल में सुबह 10 बजे से ट्रायल शुरू होगा। इसमें उत्तराखंड निवासी कोई भी खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकता है। सचिव जाह्नवी सिंह ने बताया कि इस संबंध में सभी जिलों की क्याकिंग एवं कैनोइंग इकाइयों को सूचित कर दिया गया है।
प्रतिभाग करने के ये होंगे नियम
- चयन/ट्रायल प्रक्रिया में वही खिलाड़ी हिस्सा ले सकते हैं जो उत्तराखंड के स्थायी निवासी हैं।
- स्व घोषणा पत्र नॉन जुडीशियल स्टांप पत्र पर देना अनिवार्य है।
- खिलाड़ियों को अपने साथ आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो लाना होगा।
- ट्रायल प्रक्रिया में कोविड की गाइड लाइन का पालन अनिवार्य होगा।
- एसोसिएशन द्वारा नामित चयन समिति अंतिम निर्णय देगी।