कलियर दरगाह मेन गेट के बाहर गेट की शोभा बढ़ाने वाला फव्वारा वर्तमान में अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। लाखों रुपये खर्च कर तैयार किया गया फव्वारा रख रखाव के कारण बदहाल पड़ा हुआ है।
कलियर में फव्वारा चौक के नाम से मशहूर फव्वारे को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए कुछ साल पहले लाखों रुपये खर्च किए गए थे। फव्वारे का सौंदर्यीकरण करने के लिए इसके चारों ओर रंगबिरंगी लाइटें लगाई गई थी। साथ ही इसमें पानी का कनेक्शन किया गया था। शाम ढलते ही झिलमिल लाइटों के बीच फव्वारा चलता था तो इसकी शोभा देखते ही बनती थी। स्थिति ये थी कि आसपास के लोग इसे देखने के लिए आते थे। यहां तक कि जायरीन यहां पर रुककर फोटो खिंचवाते थे, लेकिन वर्तमान में देखरेख के अभाव में फव्वारा बदहाल पड़ा है। खूबसूरत फव्वारा लापरवाह अधिकारियों की भेंट चढ़ गया है। जहां कभी यहां लोग थोड़ी देर ठहरकर फव्वारे को निहारते थे, वहां वर्तमान में गंदगी का ढेर होने के चलते लोग अब गुजरते हुए ठहरना तो दूर इसकी तरफ देखना भी गवारा नहीं समझते हैं। रही सही कसर दुकानदारों ने पूरी कर दी है। उन्होंने यहां अपनी दुकानों का बेकार सामान डाल दिया है। वहीं फव्वारे के अंदर गंदा पानी और कूड़ा करकट होने से मक्की मच्छर पैदा होने लगे हैं। फव्वारे के चारों ओर अतिक्रमण और बाइकों की पार्किंग ने चौक का और अधिक बदसूरत बना दिया है। वहीं, इस बाबत ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंशुल सिंह ने कहा है कि इस संबंध में दरगाह प्रशासन को दिशा निर्देश दिए जाएंगे।